बांदा।
जनपद बांदा के विकासखंड कमासिन अंतर्गत ग्राम पंचायत इंगुवा में गौवंश संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल सामने आई है। ग्राम पंचायत द्वारा गौशाला में विशेष गौवंश सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रधान राजू वर्मा एवं उपप्रधान कमल वर्मा के नेतृत्व में, सभी केयरटेकरों के सहयोग से यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत उपप्रधान द्वारा गौवंशों की हल्दी लगाकर विधिवत गौ-पूजा से की गई।
इस दौरान गौशाला में संरक्षित सभी गौवंशों को शकरकंद एवं चोकर-कना खिलाया गया। उपप्रधान कमल वर्मा ने केयरटेकरों को निर्देश दिए कि ठंड के मौसम को देखते हुए गौशाला परिसर में निरंतर अलाव जलाया जाए, ताकि किसी भी गौवंश को ठंड, भूख अथवा प्यास से कोई परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि छोटे बछड़ों को बड़े गौवंशों से अलग सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की चोट या असुविधा का सामना न करना पड़े।
ग्राम पंचायत इंगुवा की इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि पंचायत गौवंश संरक्षण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील एवं सजग है। इस नेक कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं उपप्रधान के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
नवल तिवारी की रिपोर्ट












