April 18, 2026 1:51 pm

दिनदहाड़े भरे बाजार में ज्वेलरी लूट से हड़कंप ग्राहक बनकर आए बाइक सवार बदमाश 15 लाख की ज्वेलरी लेकर फरार।

बांदा।
जनपद बांदा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े भरे बाजार में बेखौफ बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला बांदा जनपद के कालिंजर स्थित मुख्य बाजार का है, जहां बाइक सवार लुटेरे एक ज्वेलरी शॉप से करीब 15 लाख रुपये की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लुटेरे पूरी प्लानिंग के साथ ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए थे। कुछ देर तक सामान्य ग्राहक की तरह ज्वेलरी देखने के बाद अचानक वारदात को अंजाम दिया और बाहर खड़ी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूट से पूरे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। व्यापारियों ने डर के चलते कुछ समय के लिए दुकानें बंद कर दीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
राहत की बात यह रही कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की गई।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बाजार और आसपास के मार्गों पर लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
फिलहाल इस घटना के बाद से व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

रिपोर्टर नवल तिवारी 

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें