रिपोर्टर नवल तिवारी
नवरात्र के बीच पानी की किल्लत से बढ़ी परेशानी, एक बार भी नहीं मिल रहा समय से जल
बबेरू/बांदा:
जनपद बांदा के बबेरू कस्बे में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कस्बेवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम की लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
बताया जा रहा है कि कस्बे में दिनभर में केवल एक बार पानी की आपूर्ति की जाती है, वह भी निर्धारित समय पर नहीं मिलती। कई बार तकनीकी खराबी के नाम पर सप्लाई बाधित कर दी जाती है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
वर्तमान में चल रहे चैत्र नवरात्र के दौरान पानी की मांग बढ़ने के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। पूजा-पाठ और घरेलू कार्यों में पानी की कमी से लोगों में रोष व्याप्त है।
मामला कस्बे के मढ़ी दाई क्षेत्र स्थित जल निगम की टंकी से जुड़ा है, जहां कर्मचारियों की लापरवाही के चलते आए दिन आपूर्ति प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जनता की मांग:
कस्बेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल आपूर्ति को नियमित किया जाए, खराब पड़ी व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।











