रिपोर्टर नवल तिवारी
बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा रविवार सुबह लगभग 6:00 बजे कठार मोड़ के पास हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पचौहा निवासी विद्यानंद वर्मा अपनी पत्नी सविता देवी उर्फ भूरी (उम्र लगभग 37 वर्ष) को बाइक से इलाज के लिए फतेहपुर जनपद के खागा कस्बे ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सविता देवी तीन माह की गर्भवती थीं और उनकी तबीयत खराब होने के चलते दंपति सुबह-सुबह घर से निकले थे।
जैसे ही वे कठार मोड़ के पास पहुंचे, वहां पहले से तीन ट्रक आगे चल रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी सविता देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि उनके पति विद्यानंद बाइक सहित काफी दूर जा गिरे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमासिन पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सविता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति विद्यानंद की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा भेज दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका सविता देवी अपने पीछे दो बेटियां—उजाला (11 वर्ष) और अंजू (8 वर्ष) तथा एक बेटा रविंदर (5 वर्ष) को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की गंभीरता को उजागर करता है।











