रिपोर्टर नवल तिवारी
बांदा। ग्राम पंचायत मुड़वारा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य, आकर्षक एवं ऐतिहासिक शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और जय भीम के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।
शोभा यात्रा का नेतृत्व मनीष निषाद (जिला सचिव, मानव अधिकार फोरम), अभिलाष वर्मा, डॉ. महेश वर्मा, रामसुफल निषाद एवं ग्राम प्रधान रामनाथ निषाद ने संयुक्त रूप से किया। बाबा साहेब की सुसज्जित झांकी एवं चित्र के साथ निकली यह रैली ग्राम पंचायत के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने भाग लेकर बाबा साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके द्वारा किए गए सामाजिक सुधारों तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, समानता एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं उत्साह का विशेष समन्वय देखने को मिला।
पूरी शोभा यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिसमें स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा।











