रिपोर्टर नवल तिवारी
बांदा में गेहूं कटाई का भव्य आगाज़
बांदा। जनपद के महोखर गांव में 31 मार्च 2026 से गेहूं की फसल की कटाई का विधिवत शुभारंभ हो गया। खेतों में लहलहाती सुनहरी फसल के बीच किसानों ने उत्साहपूर्वक कटाई कार्य शुरू कर दिया है।
कटाई अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी जे. रिभा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने पैदल खेतों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कटाई कार्य को समयबद्ध, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक के प्रयोग से कटाई कार्य में तेजी लाई जा रही है। खेतों में रीपर-बाइंडर मशीनों के माध्यम से कटाई की जा रही है, जो प्रतिदिन लगभग 10 से 20 बीघा तक फसल काटने में सक्षम हैं। इससे जहां समय की बचत हो रही है, वहीं श्रम की आवश्यकता भी कम हो रही है।
प्रशासन की सक्रिय निगरानी और सहयोग से कटाई कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पूरी फसल की कटाई बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।











