बांदा।
जनपद बांदा के थाना पैलानी क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही डेढ़ वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाव के जरिए नदी में फेंक दिया। पुलिस द्वारा शव की तलाश जारी है, लेकिन तेज बहाव के कारण अब तक शव बरामद नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2025 को थाना पैलानी में एक महिला ने सूचना दी कि वह अपने मायके में रह रही है और उसका पति रात में नशे की हालत में उनके डेढ़ साल के बेटे को अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। गांव वालों की मदद से लगातार उसकी खोजबीन की जा रही थी।
दिनांक 09 जनवरी 2026 को पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाव से नदी में प्रवाहित कर दिया। इसके बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से नदी में शव की तलाश शुरू की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी शराब का आदी है और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक कलह के चलते आरोपी द्वारा इस जघन्य घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।
पुलिस द्वारा मामले में संबंधित धाराओं की वृद्धि करते हुए आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी सदर श्री राजवीर सिंह गौर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शव की बरामदगी के प्रयास लगातार जारी हैं।
रिपोर्टर नवल तिवारी












