April 30, 2026 4:42 pm

नाला न बनने से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें, आवागमन ठप 50–60 परिवारों के सामने रास्ता बंद होने का संकट

रिपोर्टर नवल तिवारी 

जनपद बांदा के विकासखंड कमासिन अंतर्गत ग्राम पंचायत बेनामऊ महेंड़ के पुरवा उत्तर दिशा में स्थित मुख्य मार्ग पर नाले का निर्माण न होने से ग्रामीणों की समस्याएं दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही हैं। बच्चा दमादार के घर से अहिबरन के दरवाजे तक जाने वाला रास्ता वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख साधन रहा है, लेकिन नाले के अभाव में अब यह मार्ग संकट का कारण बन गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस रास्ते से वे लंबे समय से आना-जाना करते आ रहे हैं, वह अब एक भूमि धारक के खसरा नंबर में दर्ज बताया जा रहा है। संबंधित भूमि धारक द्वारा अपनी जमीन की बाउंड्री कराए जाने की तैयारी के चलते करीब 50 से 60 परिवारों का रास्ता पूरी तरह बंद होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

स्थिति यह है कि न केवल आम ग्रामीण, बल्कि स्वयं भूमि धारक और अन्य किसानों को भी अपनी खेती की जमीन तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और गांव से बाहर निकलना ग्रामीणों के लिए दूभर हो गया है।

ग्रामीणों ने मीडिया को बताया कि उक्त नाला सरकारी राजस्व अभिलेखों एवं नक्शों में दर्ज है, इसके बावजूद आज तक इसका निर्माण नहीं कराया गया। धरातल पर नाले का कोई अस्तित्व नहीं है, जबकि इसी मार्ग से बड़ी आबादी का प्रतिदिन आवागमन होता है।

बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है, बीमारों को अस्पताल ले जाने में दिक्कतें आती हैं, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर अपनी पीड़ा व्यक्त करते नजर आए। प्रमुख रूप से शिवपूजन, सुरेश चंद्र, छोटू यादव, रामलाल यादव, रामप्रकाश यादव, दादूराम यादव, ओमप्रकाश यादव, राममोहन यादव, शिवमोहन यादव, इंद्रराज यादव, रामनरेश यादव, जगदीश, सोमदत्त मिश्रा एवं विनोद कुमार मौजूद रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक उदासीनता से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने शीघ्र नाले के निर्माण कर स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें