उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।

हाथरस, 01 मई 2026

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (UPGB) ने अपनी सफलता का एक शानदार वर्ष पूर्ण कर लिया है। इस अवसर पर शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस के सभागार में बैंक स्थापना की प्रथम वर्षगांठ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई । कार्यक्रम में बैंक के ग्राहकों, स्थानीय समाजसेवियों और कार्मिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा केक काटकर और मिष्ठान वितरण कर खुशियाँ साझा की गईं।

स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए बैंक द्वारा बैंक व्यवसाय में वृद्धि के लिएअप्रैल माह में “नवारम्भ – पहला कदम लक्ष्य की ओर” नामक अभियान चलाया गया । इस अभियान के तहत हाथरस क्षेत्र की सभी शाखाओं और क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, किसानों और व्यापार मंडलों से सीधा सम्पर्क स्थापित किया । इसका मुख्य उद्देश्य बैंक के बढ़ते आकार को और मजबूती प्रदान करना तथा नए ग्राहकों को बैंक की विकास यात्रा से जोड़ना है।

सभागार में आयोजित एक विशेष ‘ग्राहक गोष्ठी’ के दौरान बैंक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, जमा उत्पादों और सुरक्षित डिजिटल सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैंक प्रबंधन ने अपनी प्रगति का श्रेय ग्राहकों के भरोसे को देते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की । अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बैंक “ग्राहक हित सर्वोपरि” के मूल मंत्र पर अडिग रहते हुए ग्रामीण और अर्ध-शहरी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

  कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिव देव श्रोती ने बैंक की एक साल की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 01 मई 2025 को भारत सरकार की ‘एक राज्य, एक ग्रामीण बैंक’ योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अस्तित्व में आया था। एकीकरण का वह दौर चुनौतियों से भरा था, लेकिन हमारे कार्मिक साथियों के धैर्य, समर्पण और टीम भावना ने हर बाधा को पार कर लिया। आज हम गर्व से अपनी पहली वर्षगांठ मना रहे हैं।

इस गौरवशाली अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बैंक के अनेक सम्मानित ग्राहक, प्रबुद्ध नागरिक और शाखाओं के कार्मिक विवेक अग्रवाल , प्रियांशु जैन , राजीव कुमार आर्य , राधाबल्लभ आदि उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन संजीव विश्नावत ने किया । सभी ने बैंक के उज्जवल भविष्य की कामना की और बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया ।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें